पीड़िता (25) ने पुलिस को बताया कि आरोपी मामा (47) मूल रूप से सीपरी बाजार का रहने वाला है। वह भजन आदि सुनने के बहाने उससे मोबाइल ले लेता था। इसी दौरान मामा ने पीड़िता के मोबाइल से खुद के मोबाइल पर आपत्तिजनक मैसेज भेज दिए। फिर कुछ दिन बाद यह मैसेज दिखाकर उसे ब्लैकमेल कर अश्लील हरकतें करने लगा।
मोबाइल पर भी अश्लील मैसेज भेजने लगा। पीड़िता ने कई बार उसे रिश्तों का हवाला देकर मना किया लेकिन, वह नहीं माना। इसी बीच पीड़िता का विवाह तय हो गया। इस पर आरोपी कूटरचित पत्र आदि तैयार करके शादी तुड़वाने की कोशिश करने लगा।
यह बात जब पीड़िता ने अपने परिवार के लोगों को बताई, तब आरोपी परिजनों से पांच लाख रुपये की मांग करने लगा। पीड़िता ने परिजनों के साथ कोतवाली पहुंचकर आरोपी के खिलाफ नामजद रिपोर्ट दर्ज कराई है। कोतवाल संजय गुप्ता के मुताबिक मामले की जांच की जा रही है।