झांसी के कुम्हरार रोड के ओवर ब्रिज के पास एक हादसे में दो युवकों की जान चली गई। बताया जा रहा है कि यहां खुले मैदान में बालू डंप होती है। शुक्रवार रात यहां पर समथर के महुआखेरा निवासी दयासागर उर्फ छुन्ना राजपूत (25) तथा मोंठ के अटरिया गांव निवासी धर्मेन्द्र पाल (27) सो रहे थे।
जानकारी के मुताबिक, रात करीब 11 बजे एक ट्रक बालू लेने यहां आया। वहां पर बालू का उठान नहीं हो रहा था। बालू न मिलने पर चालक ट्रक को बैक करने लगा। बैक करते समय चालक वहां सो रहे दोनों युवकों को नहीं देख पाया, जिससे ट्रक के पिछले पहिये दोनों युवकों के ऊपर चढ़ गए। युवकों की चीख पुकार को सुनकर ट्रक चालक ट्रक को छोड़कर भाग गया। परिसर में अन्य कर्मचारी भी झोपड़ी में सो रहे थे। चीखने की आवाज सुनकर वह लोग घटना स्थल पर दौडे़ तब तक ट्रक चालक भाग चुका था। दोनों को एंबुलेंस से मोंठ अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।