निर्वाचन आयोग की ओर से लोकसभा चुनाव की तैयारियां हुईं तेज
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। आगामी लोकसभा चुनाव में ज्यादा से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए हर विधानसभा में दो युवा और एक दिव्यांग बूथ बनाया जाएगा। निर्वाचन आयोग ने इसे लेकर निर्देश जारी कर दिए हैं।
लोकसभा चुनाव के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से जारी की गई मतदाता सूची में जिले की चारों विधानसभाओं के 15,51,149 मतदाताओं के नाम दर्ज हैं। इनमें से 3,13,649 मतदाता 18 से 29 वर्ष की आयु के हैं। ये युवा मतदाता ज्यादा से ज्यादा अपने मताधिकार का प्रयोग करें, इसके लिए लोकसभा चुनाव में हर विधानसभा में दो युवा बूथ बनाए जाएंगे। इन बूथों पर 30 वर्ष से कम आयु के कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी। इसके अलावा दिव्यांग मतदाताओं के लिए हर विधानसभा में एक पीडब्ल्यूडी (परसन विद डिसएबिलिटी) बूथ बनाया जाएगा। इन बूथों पर दिव्यांग कर्मचारियों की तैनाती की जाएगी।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी अरुण कुमार सिंह ने बताया कि आयोग के निर्देशानुसार यूथ और पीडब्लूडी बूथ बनाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए जल्द बूथ चिह्नित कर लिए जाएंगे।