अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज परिसर में सुरक्षा व्यवस्था के लिए पुलिस चौकी बनी है। परिसर में करीब 330 सीसीटीवी कैमरे भी लगाए गए हैं। इनमें से 212 सीसीटीवी खराब पड़े हैं। परिसर में वाहन चोर सक्रिय हैं। दस दिन में दो वाहन चोरी हो चुके हैं और चोर अब भी पुलिस की पकड़ के बाहर हैं। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक मेडिकल कॉलेज के पांच मंजिला सुपर स्पेशलिटी ब्लॉक में सुरक्षा के लिए करीब 150 सीसीटीवी कैमरे लगे हुए हैं। इनमें से सिर्फ 38 ही काम कर रहे हैं, वह भी पहली मंजिल पर। कैमरों के नहीं चलने की वजह से पीएमएसएसवाई के सीसीटीवी कंट्रोल रूम पर ताला लगा रहता है, जिसको खोलने वाला तक कोई कर्मी नहीं है। इमरजेंसी, ओपीडी, वार्डों और कई रास्तों पर 180 सीसीटीवी कैमरे लगे हैं, जिनका कंट्रोल रूम बहुउद्देश्यीय हॉल में हैं। बताते हैं कि इन कैमरों में से सिर्फ 80 ही काम कर रहे हैंैं। एक पीड़ित ने तो नवाबाद थाना पुलिस को वाहन चोरी करने वाले बदमाश के फुटेज तक मुहैया करा दिए हैं, मगर पुलिस रिपोर्ट दर्ज करने के लिए तैयार नहीं है। मेडिकल कॉलेज के एसआईसी डॉ. सचिन माहुर का कहना है कि बमुश्किल 15 दिन में सभी सीसीटीवी कैमरे चालू हो जाएंगे। वहीं, नवाबाद थाना प्रभारी संतोष अवस्थी ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बदमाश की तलाश की जा रही है।