अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मंगलवार दोपहर कलेक्ट्रेट में दो पक्ष फर्जी रजिस्ट्री के विवाद को लेकर आपस में भिड़ गए। दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हुई। सूचना मिलने पर नवाबाद पुलिस भी पहुंच गई। पुलिस दोनों पक्षों को लेकर थाने पहुंची। यहां भी दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैंं। तालपुरा निवासी रमेश साहू जमीन से जुड़े एक मामले की पैरवी के लिए मंगलवार को कलेक्ट्रेट आए थे। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि उसी दौरान सिंगर्रा गांव निवासी विनोद राय भी अपने साथियों के साथ पहुंच गया। बातचीत के दौरान दोनों के बीच गालीगलौज होने लगी। कुछ ही मिनटों में दोनों पक्ष एक दूसरे से भिड़ गए। उनके बीच लात-घूंसे चलने लगे। वहां अफरातफरी मच गई। कलेक्ट्रेट में तैनात पुलिसकर्मियों ने किसी तरह उनको अलग किया। सूचना पर नवाबाद पुलिस भी पहुंच गई। दोनों ही पक्ष एक दूसरे पर फर्जी तरीके से रजिस्ट्री करा लेने का आरोप लगा रहे थे। थाना प्रभारी संतोष अवस्थी के मुताबिक, जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद चल रहा था। मामले की छानबीन कराई जा रही है।