झांसी कानपुर हाईवे में चिरगांव के करगुआं इलाके में शनिदेव मंदिर के पास रविवार दोपहर करीब 12 बजे एक कार का टायर फट जाने से भीषण हादसा हो गया। कार सवार दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। तीनों घायलों को नाजुक हाल में मेडिकल कॉलेज भेजा गया है वहीं दोनों शवअभी कार में फंसे हुए हैं। गैस कटर से काटकर उनके शव बाहर निकालने की कोशिश पुलिस कर रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है दोपहर करीब 12 बजे झांसी कानपुर हाईवे पर झांसी से एक कार (UP 78 DP-7008) तेज रफ्तार कार कानपुर की ओर जा रही थी। जैसे ही वह शनि मंदिर के पास पहुंची उसका अगला टायर जोरदार आवाज के साथ फट गया। कार अनियंत्रित होकर डिवाइडर तोड़ते हुए दूसरी पटरी पर पहुंच गई। उसी समय सामने से तेज रफ्तार ट्रक आ रहा था। उसने कार को जोरदार टक्कर मारी। ट्रक की टक्कर लगने से कार के परखच्चे उड़ गए।
कार में अगली सीट पर सवार दो लोगों की मौत हो गई जबकि तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। कार सवार लोगों की अभी तक शिनाख्त नहीं हो सकी है। घायलों को पुलिस ने मेडिकल कॉलेज भेजा है। वहीं, अंदर फंसे शव को बाहर निकालने में गैस कटर का इस्तेमाल किया जा रहा है। चिरगांव थाना प्रभारी जेपी पाल का कहना है घायलों को मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है। उनकी शिनाख्त कराने की कोशिश की जा रही है।