मऊरानीपुर। नवीन गल्ला मंडी में विपणन के 2 गेहूं खरीद केंद्र एवं पीसीएफ का एक खरीद केंद्र खोला गया है। जानकारी के अनुसार विपणन के 1 नंबर गेहूं खरीद केंद्र पर कोई व्यवस्था नहीं है। वहीं, विपणन के 2 नंबर केंद्र पर 31 क्विंटल गेहूं क्रय किया गया है। नवीन गल्ला मंडी विपणन के गेहूं खरीद केंद्र नंबर 2 के केंद्र प्रभारी राजेश कुमार गौतम ने बताया ग्राम इमलोटा निवासी राजेंद्र कुमार ने 31 क्विंटल गेहूं केंद्र पर बेचा है। उपजिलाधिकारी अजय यादव ने केंद्र पर पहुंचकर किसान राजेंद्र कुमार का फूल माला पहनकर स्वागत किया। किसान राजेंद्र कुमार ने बताया कि गेहूं विक्रय के लिए पहले ऑनलाइन पंजीकरण किया था, भुगतान 24 घंटे बाद होगा। वहीं विपणन के 1 नंबर केंद्र पर कांटे व बाट की कोई व्यवस्था नहीं है। केंद्र प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि आज ही ललितपुर से आया हूं। यदि कोई किसान गेहूं विक्रय करने आएगा दो नंबर केंद्र पर तौल करा देंगे। पीसीएफ केंद्र पर भी किसी प्रकार का कोई गेहूं क्रय अभी तक नहीं किया गया है। सांयकाल विपणन केंद्र नंबर 1 प्रभारी राजीव शर्मा ने बताया कि ग्राम इमलौटा निवासी ग्राम गुड्डी से 25 क्विंटल गेहूं क्रय किया गया।