झांसी। झांसी मंडल के झांसी-बीना रेलखंड के बीच तीसरी लाइन के लिए नॉन इंटर लॉकिंग काम कराया जाना है। इसके चलते पांच एवं छह जनवरी को चार जोड़ी सवारी गाड़ियां निरस्त रहेंगी जबकि कुछ गाड़ियों को विलंब से आगे भेजा जाएगा।
इस रेल खंड पर पिछले काफी समय से तीसरी लाइन बिछाने का काम चल रहा है। अब पांच जनवरी से नॉन इंटर लॉकिंग का काम कराया जाएगा। रेल अफसरों के मुताबिक इसके चलते गाड़ी संख्या 01811 झांसी-ललितपुर स्पेशल, गाड़ी संख्या 01812 ललितपुर-झांसी स्पेशल, गाड़ी संख्या 01819 ललितपुर-बीना स्पेशल एवं 01820 बीना-ललितपुर स्पेशल पांच एवं छह जनवरी को निरस्त रहेंगी। इन सवारी गाड़ियों से रोजाना हजारों दैनिक यात्री झांसी से ललितपुर के बीच सफर करते हैं। इन गाड़ियों के निरस्त होने से इन दैनिक यात्रियों को काफी परेशानी उठानी पड़ेगी। वहीं, निजामुद्दीन-यशवंतपुर एक्सप्रेस (12630) छह दिसंबर को करीब एक घंटे विलंब से रवाना होगी। जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह का कहना है कि छह जनवरी के बाद यह गाड़ियां दोबारा आरंभ कर दी जाएंगी।