अमर उजाला ने उठाया था एनसीईआरटी की किताबें बाजार में न मिलने का मुद्दा
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर की दुकानों पर एनसीईआरटी की किताबों की जांच के लिए दो समितियों का गठन किया गया है। दोनों समितियों में चार सदस्य शामिल हैं, जो दुकानों पर कक्षा नौ से 12 तक की एनसीईआरटी की किताबों की उपलब्धता की जांच कर फोटो भी खींचेंगे। इसकी जांच रिपोर्ट डीआईओएस के माध्यम से मंडलायुक्त को भेजी जाएगी। बता दें कि अमर उजाला ने एनसीईआरटी की किताबें बाजार में नहीं मिलने का मुद्दा उठाया था। इसे मंडलायुक्त ने संज्ञान में लेकर डीआईओएस से जवाब तलब किया था।
डीआईओएस राजेश कुमार सिंह ने बताया कि पहली समिति में राजकीय इंटर कॉलेज झांसी के प्रधानाचार्य सतीश कुमार और राजकीय हाईस्कूल के प्रधानाध्यापक अरुण कुमार यादव को रखा गया है। दूसरी समिति में राजकीय इंटर कॉलेज रक्सा के प्रधानाचार्य बृजमोहन और राजकीय हाईस्कूल सर्वा के प्रधानाध्यापक कोमल यादव को शामिल किया गया है। दोनों समितियां कक्षा नौ से 12 तक की एनसीईआरटी की किताबों की स्थिति का पता लगाएंगी। सूची के अनुसार किताबों की उपलब्धता देखेंगी तथा किताबों के साथ दुकानों का फोटो भी खींचेंगी। जांच रिपोर्ट तीन दिन में मांगी है। इस संबंध में राजकीय इंटर कॉलेज झांसी के प्रधानाचार्य सतीश कुमार ने बताया कि जांच चल रही है, जल्द ही जांच रिपोर्ट सौंप दी जाएगी।