मोंठ। थाना क्षेत्र के बम्हरौली रोड पर दो बाइकों में भिड़ंत होने से एक महिला उछलकर सड़क पर जा गिरी, पीछे से आ रहा एक ट्रैक्टर उसके ऊपर चढ़ गया जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के संबंध में बताया जाता है कि मध्यप्रदेश के थाना ओरछा के ग्राम घटबाहा निवासी संजीव अहिरवार अपनी पत्नी ममता के साथ अपनी ससुराल सेरसा से बाइक से पट्टी कुम्हर्रा एक शादी समारोह में शामिल होने जा रहे थे। जैसे ही बम्हरौली के पास पहुँचा सामने से आ रही बाइक ने उसकी बाइक में टक्कर मार दी जिससे ममता उछलकर सड़क पर जा गिरी, पीछे से आ रहा एक ट्रैक्टर उसको रौंदता हुआ निकल गया, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई और उसका पति घायल हो गया। टक्कर मारने वाला बाइक सवार तथा ट्रैक्टर चालक मौके से भाग गया। इसकी सूचना मोठ पुलिस को दी गई। एसआई सुभाष चंद्र पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए झांसी भेज दिया। ट्रैक्टर को भी कब्जे में ले लिया गया। घटना की सूचना पर एसडीएम अतुल कुमार मोठ सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुँचे और पूरी घटना की जानकारी ली।