संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। 29 फरवरी को फरीदाबाद रेलवे स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर महिला को चलती ट्रेन से धकेलने के आरोपी टीटीई को झांसी मंडल प्रशासन ने ट्रेन से हटा दिया है। साथ ही इस मामले में दर्ज किए गए मुकदमे के संबंध में जीआरपी फरीदाबाद से भी पत्राचार किया है।
दरअसल फरीदाबाद निवासी महिला यात्री भावना को झेलम एक्सप्रेस से फरीदाबाद स्टेशन के प्लेटफॉर्म पर धक्का देने के आरोपी और झांसी मंडल के टीटीई पर वाणिज्य विभाग ने कार्रवाई की है। फरीदाबाद जीआरपी द्वारा हत्या का प्रयास करने के मामले में दर्ज मुकदमे के आधार पर वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक ने ग्वालियर स्टेशन पर तैनात टीटीई को ट्रेन से हटा दिया है। साथ ही टीटीई की पहचान को लेकर जीआरपी से पत्राचार भी किया गया है। वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी ने बताया कि मामले में मुकदमा दर्ज होने के बाद हमने टीटीई को ट्रेन से हटा दिया है। आगे की कार्रवाई जीआरपी को ही करनी है।
1 मई से रेल का चक्का जाम करेंगे कर्मचारी संगठन
झांसी। पुरानी पेंशन योजना का लाभ समाप्त करने से नाराज रेलवे के कर्मचारी संगठन अब चुनावी साल में अपनी मांग मनवाने की योजना बना रह हैं। एनसीआरएमयू के मंडल अध्यक्ष ने बताया कि झांसी सहित पूरे देश में 1 मई को कर्मचारी संगठन रेल का चक्का जाम करेंगे।
बता दें कि रेल कर्मचारी संगठन और राज्य सरकार के कर्मचारी संगठनों ने पुरानी पेंशन की मांग को लेकर जेएफआरओपीएस (ज्वाइंट फैडरेशन ऑफ ओल्ड पेंशन स्कीम) संयुक्त मोर्चा बनाया है। एनसीआरएमयू (नॉर्थ सेंट्रल रेलवे मेन्स यूनियन) के मंडल अध्यक्ष डीके खरे ने बताया कि पुरानी पेंशन बहाली को लेकर सभी कर्मचारी संगठन लंबे समय से मांग करते आ रहे हैं। इसी मांग को लेकर 1 मई को पूरे देश में राज्य और केंद्र कर्मी रेल का चक्का जाम करने के साथ ही बड़ा आंदोलन करेंगे।