अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रविवार की सुबह सीपरी बाजार थाना इलाके में जीएसटी जांच के दौरान एक ट्रक ने जांच दल में शामिल सिपाही में टक्कर मार दी, जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था। घटना के बाद चालक मौके से फरार हो गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर चालक की तलाश शुरू कर दी है।
ग्वालियर रोड पर शिवानी तिराहे के पास रविवार की सुबह तकरीबन पौने पांच बजे कर अधिकारी जितेंद्र सिंह पाल की अगुवाई में जीएसटी की टीम जांच कर रही थी। इसी दरम्यान कानपुर की ओर से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने चेकिंग टीम में शामिल सिपाही मोनू सिंह में टक्कर मार दी, जिससे सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना को अंजाम देने के बाद चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया। सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। जबकि, जीएसटी टीम के सदस्य आनन-फानन घायल सिपाही को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंचे। हालत गंभीर होने पर यहां से उसे ग्वालियर रेफर कर दिया गया। इसके बाद सिपाही के परिजन उसे इलाज के लिए दिल्ली ले गए।
कर अधिकारी जितेंद्र सिंह पाल ने बताया कि चालक ट्रक को लापरवाही से तेज गति से चला रहा था। उसने हॉर्न भी नहीं बजाया था, जिससे सिपाही को संभलने का मौका नहीं मिल पाया। सिपाही के हाथ में गंभीर चोट आई है। परिजन इलाज के लिए उसे दिल्ली ले गए हैं।
वहीं, सीपरी बाजार थाने के प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर ट्रक को कब्जे में ले लिया गया। आरोपी ट्रक चालक की तलाश की जा रही है।