झांसी। झांसी कानपुर हाईवे पर तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक सवार भाई-बहन को टक्कर मार दी। बहन की मौके पर ही मौत हो गई जबकि भाई एवं भतीजे की हालत नाजुक है। दोनों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। पुलिस ट्रक चालक की तलाश कर रही है।
कोतवाली के सैंयर गेट निवासी नीतू (33) पिछले कई साल से अपने मायके में रहती थी। करीब दस वर्ष पहले उसका विवाह दतिया में हुआ था लेकिन, पति से विवाद होने से उसका कोर्ट केस चल रहा है। उसकी छोटी बहन रेखा की ससुराल चिरगांव में है। परिजनों का कहना है कि सोमवार को वह अपने भाई करन उर्फ मोनू के साथ बाइक पर रेखा से मिलने चिरगांव जा रही थी। उसके साथ बहन का बेटा बेटू भी था।
वह लोग जैसे ही झांसी हाईवे से होते हुए पारीछा पुल के पास पहुंचे, पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को साइड से टक्कर मार दी। इससे बाइक अनियंत्रित हो गई। तीनों ही बाइक से सड़क पर गिर पड़े। ट्रक नीतू को अपनी चपेट में लेता हुआ आगे गुजर गया। नीतू की मौत हो गई जबकि उसका भाई एवं बेटू घायल हो गए।
पुलिस घायलों को लेकर मेडिकल कॉलेज पहुंची। यहां दोनों को भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों ने करन की हालत गंभीर बताई है। उधर, हादसे की सूचना मिलते ही परिजन रोते-बिलखते हुए अस्पताल पहुंच गए। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है।