- 25 दुकानें बनाने का काम तेज, बोर्ड बैठक में बनेगी आवंटन नीति
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। करारी में बन रहा ट्रांसपोर्ट नगर अगस्त में शुरू हो जाएगा। यहां 25 दुकानें बनाने का भी काम तेजी से चल रहा है। दुकानों की दरें तय करने और आवंटन नीति झांसी विकास प्राधिकरण की बोर्ड बैठक में तय होगी।
जेडीए ने ग्वालियर मार्ग पर करारी में ट्रांसपोर्ट नगर के लिए नगर निगम की 76 एकड़ जमीन चिह्नित की है। दो भाग में ट्रांसपोर्ट नगर बसाया जा रहा है। करीब 15 एकड़ के पहले भाग में सड़क, दुकानों आदि का निर्माण चल रहा है। यहां जेडीए द्वारा 25 दुकानें बनवाई जा रही हैं। दुकानें लगभग बनकर तैयार भी हो चुकी हैं। दुकानों की बिक्री के लिए मूल्य निर्धारण करने के निर्देश जेडीए प्रशासन ने दिए हैं। जमीन का मूल्य, निर्माण में आया खर्च आदि को मद्देनजर रखते हुए दुकान की कीमत तय होगी। दुकानों की लॉटरी या फिर नीलामी के जरिये बिक्री की जाए, इसके लिए आवंटन नीति भी तय होगी। जल्द ही झांसी विकास प्राधिकरण बोर्ड की बैठक बुलाएगा।
वर्जन..
ट्रांसपोर्ट नगर दो महीने में बनकर तैयार हो जाएगा। जेडीए की बोर्ड बैठक में आवंटन नीति और दुकानों की कीमतों को मंजूरी मिलेगी। - आलोक यादव, उपाध्यक्ष, जेडीए।