अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। माैसम विभाग के अनुसार इस बार जबरदस्त गर्मी की आशंका है। वहीं बिजली विभाग के अफसरों का मानना है मार्च के तीसरे सप्ताह से बिजली खपत बढ़ेगी, जो 400 मेगावाट से ज्यादा तक पहुंच सकती है। विगत वर्ष हुए बिजली संकट को देखकर ट्रांसमिशन ब्रांच (पारेषण शाखा) ने जिले के पांचों पावर हाउस की क्षमता बढ़ाकर 595 मेगावाट कर ली है। इनसे 33 केवी सब स्टेशनों को लगातार आपूर्ति होगी। लोगों को बिजली देने के लिए सबसे बड़ी परीक्षा डिस्ट्रीब्यूशन (आपूर्ति) ब्रांच की होगी। दावा है कि तीन सबस्टेशन की क्षमता वृद्धि कर दी गई है। दो की 28 फरवरी तक हो जाएगी।गत वर्ष की भीषण गर्मी में मुन्नालाल पावर हाउस, सूती मिल, नंदनपुरा, सीपरी, गल्ला मंडी, हंसारी, चिरगांव, रानी महल आदि सब स्टेशनों में लगे ट्रांसफार्मर बिजली की मांग बढ़ने पर हांफ गए थे। कभी ट्रांसफार्मरों में ओवरलोडिंग से ट्रिपिंग हुई तो कभी फाॅल्ट से फुंक गए। कई जगह बिजली की केबल भी जल गईं। हालात इतने ज्यादा बिगड़ गए कि शहर में ही 18 से 20 घंटे तक बिजली आपूर्ति ठप रही। अफसरों से संतोषजनक जवाब नहीं मिलने पर जनता सड़क पर उतरकर जाम लगाने लगी। प्रशासन ने हस्तक्षेप से बिजली आपूर्ति व्यवस्था सुचारू हुई। तब उच्चाधिकारियों व्यवस्थाएं सुधारने के आदेश दिए ताकि आगामी गर्मी में और संकट खड़ा नहीं हो। आपूर्ति से जुड़े अधिकारियों का कहना है कि नंदपुरा सब स्टेशन से पोषित इलाकों में काफी बिजली संकट था, जहां पांच की जगह 10 एवीए, नगरा में पांच की जगह 10 एमवीए, बिजौली में पांच की जगह 10 एमवीए का ट्रांसफार्मर लगा दिया है। गल्ला मंडी में पांच से आठ एमवीए, हंसारी सब स्टेशन में पांच से आठ एमवीए का ट्रांसफार्मर लगाने का काम 28 फरवरी तक पूरा होगा। मुन्नालाल पावर हाउस पर 10-10 एमवीए के दो और मेडिकल सब स्टेशन पर 20 एमवीए का ट्रांसफार्मर जल्द लगेगा। शहर की जर्जर केबलों को हटाकर 344 किमी बंच कंडक्टर लाइन डाल दी है। गांव में खुले तारों को हटाकर 652 किमी एबी लाइन बिछ गई है। शहर के 11 केवी फीडरों की 42 किमी. लाइन बदला दी है। बिजली चोरी होने की वजह से खपत ज्यादा बढ़ जाती है, जिस पर अंकुश लगाने के लिए ग्रामीण इलाकों में 490 किमी आर्मड केबिल डाल दी है। सिटी फीडर बंटेगा दो भागों मेंबिजली विभाग के मुख्य अभियंता मो. सगीर ने बताया कि मुन्नालाल पावर हाउस के सिटी फीडर पर लोड ज्यादा है, जिसे दो हिस्सा में बांटने के आदेश कर दिए हैं। विगत दिनों जली 185 एमएम की केबल तत्काल बदलने के आदेश कर दिए हैं ताकि ओवरलोडिंग में दिक्कत नहीं हो।