झांसी। जिले के सभी उपभोक्ताओं के परिसर में प्रीपेड स्मार्ट मीटर लगाने के साथ ही बिजली वितरण सिस्टम को भी मीटर से लैस किया जाएगा। इसके लिए सभी फीडर और ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाए जाएंगे। इन मीटरों के लगने से फीडर और ट्रांसफार्मर पर पड़ने वाले लोड की जानकारी आसानी से हो जाएगी। इसके साथ ही यह भी पता चल जाएगा कि किस फीडर और ट्रांसफार्मर पर कितनी बिजली चोरी हो रही है।
केंद्र सरकार की रिवैंप योजना के तहत विद्युत प्रणाली को बेहतर करने के लिए पांच सौ करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है। इस धनराशि से फीडर व ट्रांसफार्मरों पर मीटर लगाया जाना है। इन मीटरों की खरीद का टेंडर हो चुका है। इन मीटरों को लगाने का काम जल्द शुरू हो जाएगा। मीटर लगने के बाद विभाग को बिना मशक्कत किए यह जानकारी मिल जाएगी कि किस फीडर या किस ट्रांसफार्मर से कितनी बिजली चोरी की जा रही है। अधिशासी अभियंता डी. यादवेंदु ने बताया कि फीडर और ट्रांसफार्मर पर मीटर लग जाने से लाइन लास कम हो जाएगा। इसके साथ ही बिजली चोरी की घटनाएं भी पकड़ में आ जाएंगी।