संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी से दिल्ली और मुंबई के लिए चलने वाली ट्रेनों की गति बढ़ने के साथ ही उन्हें किसी दूसरी प्रीमियम ट्रेन के लिए अप्रैल के बाद से रुकना नहीं पड़ेगा। ऐसा इसलिए कि अप्रैल में झांसी-बीना के बीच तीसरी लाइन का काम पूरा हो जाएगा। इसके बाद मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में बने नये कंट्रोल रूम से तीसरी लाइन पर ट्रेनों का संचालन भी शुरू हो जाएगा।
बीना से धौलपुर तक 316 किलोमीटर लंबे रेल मार्ग पर तीसरी रेल लाइन बिछाने का काम किया जा रहा है, जो अब अंतिम चरण में है। इस रेल लाइन के पूरा होने के बाद झांसी मंडल में ट्रेनों की स्पीड के साथ ही उनके समय में भी सुधार होगा। इतना ही नहीं, एक ही लाइन पर पड़ने वाला बोझ भी कम हो सकेगा। मंडल ने इस कार्य को गति देते हुए अब दतिया से डबरा के बीच 30 किलोमीटर लंबे ट्रैक का काम भी पूरा कर लिया है। 29 मार्च से यह ट्रैक रेल संचालन के लिए खोल दिया जाएगा। इसके बाद पूरे प्रोजेक्ट में झांसी मंडल के पास अब 37 किलोमीटर के दो छोटे-छोटे रेल खंड ही बचेंगे, जिनका काम भी तेजी से किया जा रहा है। बता दें कि बीना-धौलपुर के बीच 316 किलोमीटर लंबे ट्रैक पर तीसरी लाइन बिछाने का काम 4,869 करोड़ रुपये से किया जा रहा है।
0 इन सेक्शन का बचा है काम
झांसी से दिल्ली की ओर जाने वाले ट्रैक पर आंतरी से ग्वालियर 24 किलोमीटर और हेतमपुर से धौलपुर 13 किलोमीटर का ट्रैक तीसरी लाइन के लिए रह गया है। हालांकि, यहां भी मई-जून तक पूरा कर लिया जाएगा। लेकिन, इसमें अन्य कामों में समय लगेगा। यह काम भी तेजी से पूरा किया जा रहा है।
0 अप्रैल में पूरा होगा आगासौद से बीना का काम
झांसी से भोपाल की ओर जाने वाली तीसरी लाइन के आगासौद से बीना तक 22 किलोमीटर के दायरे में तीसरी रेल लाइन बिछाई जा रही है, जिसका काम इसी साल अप्रैल में पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। जिसके बाद झांसी से बीना के बीच तीसरी लाइन का काम शत प्रतिशत पूरा हो जाएगा। हालांकि, यह रेल खंड झांसी में नहीं बल्कि, भोपाल मंडल में आता है।
वर्जन
अप्रैल से झांसी-बीना के बीच तीसरी लाइन पर रेल संचालन शुरू होने की उम्मीद है जिसकी पूरी कमांड नये कंट्रोल रूम में होगी। तीसरी लाइन का काम पूरा होते ही ट्रेनों की समय पालनता में भी बढ़ोतरी होगी।
दीपक कुमार सिन्हा, मंडल रेल प्रबंधक झांसी।
0 जीएम ने किया तीसरी लाइन का निरीक्षण
झांसी। उत्तर मध्य रेलवे के महाप्रबंधक रविंद्र गोयल मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर झांसी पहुंचे। यहां उन्होंने विशेष रेल कोच में लगी पीछे की खिड़की से मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार सिन्हा के साथ वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-बीना तीसरी लाइन का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने तीसरी लाइन के अन्य कार्यों को भी देखा।
निरीक्षण में महाप्रबंधक ने सिग्नल, ओएचई, प्लेटफॉर्म, स्टेशनों की सफाई के साथ ही रेल संचालन में महत्वपूर्ण ट्रैक की राइडिंग गुणवत्ता, पॉइंट एवं क्रॉसिंग पर ट्रैक ज्योमेट्री इंडेक्स में सुधार, ओएचई की स्थिति, मार्ग के लेवल क्रॉसिंग गेटों की स्थिति, पटरी के आस-पास स्क्रैप की स्थिति, वायरिंग या लूज इंस्टाॅलेशन, छोटे-बड़े पुल भी देखे। निरीक्षण में उन्होंने धौर्रा-जाखलौन के बीच चल रहे थर्ड लाइन के कार्य को लेकर रेल अधिकारियों से गहन चर्चा की। साथ ही देलवारा-बिरारी के मध्य कार्ड लाइन के कार्य की भी समीक्षा की। निरीक्षण के बाद झांसी के इलेक्ट्रिक लोको शेड पहुंचे जीएम ने यहां कार्य प्रणाली को बारीकी से देखा। इस दौरान उनके साथ मुख्य परियोजना प्रबंधक/निर्माण प्रवीण खुराना, वरिष्ठ मंडल अभियंता (समन्वय) आशुतोष चौरसिया, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक शशिकांत त्रिपाठी, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक अखिल शुक्ल, वरिष्ठ मंडल अभियंता (मध्य) कपिल गोयल, वरिष्ठ मंडल बिजली इंजिनीयर (टीआरडी) मयंक शांडिल्य एवं वरिष्ठ मंडल सिग्नल एवं टेलिकॉम इंजिनीयर नरेंद्र सिंह सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।