संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। ग्वालियर रेलवे स्टेशन पर बन रहे ओवरब्रिज पर गर्डर चढ़ाए जा रहे हैं। इसे लेकर रेलवे ने यहां आज से तीन दिन का ट्रेन ट्रैफिक ब्लॉक लेने का निर्णय लिया है। इसके चलते यहां से गुजरने वाली ट्रेनों को विभिन्न रेलखंड में 30 से 50 मिनट के लिए रोका जाएगा।
मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि ट्रैफिक ब्लॉक के चलते पांच, छह और सात अप्रैल को ट्रेनें देरी से चलेंगी। इनमें मद्रास-माता वैष्णो देवी एक्सप्रेस पांच अप्रैल को 50 मिनट, खजुराहो-उदयपुर एक्सप्रेस पांच से सात अप्रैल तक 30 से 55 मिनट, पुणे-जम्मूतवी एक्सप्रेस पांच से सात अप्रैल तक 50 से 60 मिनट, मुंबई-फिरोजपुर पंजाब मेल पांच से सात अप्रैल तक 50 से 60 मिनट, मदुरै एक्सप्रेस पांच अप्रैल को 45 मिनट, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-नई दिल्ली ताज एक्सप्रेस पांच से सात अप्रैल तक 20 से 45 मिनट और वैष्णो देवी कटरा एक्सप्रेस सात अप्रैल को 50 मिनट की देरी से चलेगी।
अमन वर्मा बने वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग
झांसी। मंडल के नये वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक कोचिंग के तौर पर बृहस्पतिवार को अमन वर्मा ने पदभार ग्रहण कर लिया है। अमन वर्मा भारतीय रेल यातायात सेवा के साल 2010 बैच के आईआरटीएस अधिकारी हैं। इससे पहले आगरा मंडल में वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक आगरा के पद पर सेवाओं दे रहे थे। इसके अलावा व टूंडला और प्रयागराज में भी सेवाएं दे चुके हैं। उनकी कई पुस्तकें भी प्रकाशित हो चुकी हैं, जिस पर उन्हें रेलवे बोर्ड द्वारा प्रेमचंद पुरस्कार से भी सम्मानित किया गया है। उन्हें यह सम्मान उनकी पुस्तक इश्क-ए-शहादत के लिए दिया गया है। वहीं, वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक भाड़ा के पद पर पूर्व स्टेशन डायरेक्टर वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी नीरज भटनागर को नियुक्ति दी गई है। संवाद
चुनावों को लेकर जीआरपी ने की समीक्षा
झांसी। बृहस्पतिवार को एसपी जीआरपी विपुल कुमार श्रीवास्तव की अध्यक्षता में लोकसभा चुनाव को लेकर बैठक आयोजित की गई। जिसमें यूपी से सटे एमपी के जीआरपी थाना प्रभारी निरीक्षकों के साथ चुनाव को लेकर रोडमैप तैयार किया गया। इसमें ग्वालियर, बीना और ललितपुर जीआरपी थाने के प्रभारी निरीक्षकों के साथ झांसी आरपीएफ पोस्ट के प्रभारी भी मौजूद रहे। संवाद
ट्रेनों में जोड़े जाएंगे अतिरिक्त कोच
झांसी। गर्मी की छुट्टी के दौरान ट्रेनों में सीट के लिए होने वाली जद्दोजहद को कुछ हद तक कम करने के लिए रेलवे ने विभिन्न ट्रेनों में अतिरिक्त कोच जोड़ने का निर्णय लिया है। मंडल रेल जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह ने बताया कि पांच अप्रैल से बुंदेलखंड एक्सप्रेस में सेकेंड एसी के तीन कोच, चंबल एक्सप्रेस में 6 अप्रैल से फर्स्ट एसी के तीन कोच, पांच अप्रैल से बरौनी मेल में एक सामान्य कोच जोड़ा जा रहा है। पांच अप्रैल से ग्वालियर-भोपाल इंटरसिटी एक्सप्रेस में एक एसी चेयरकार कोच जोड़ा जाएगा। संवाद