संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। रेलवे ने पूर्वी उत्तर प्रदेश, महाराष्ट्र सहित विभिन्न राज्यों को जाने वालीं कई ट्रेनों काे विभिन्न रेल मंडलों में चल रहे विकास कार्यों के चलते निरस्त कर दिया है। साथ ही कई ट्रेनों का मार्ग बदला है। इसके चलते रविवार को 12 हजार यात्रियों ने टिकट निरस्त कराए। साथ ही रिफंड के लिए आवेदन किया है।
रेलवे ने नौ जून को हुबली-गोमतीनगर स्पेशल एक्सप्रेस, 11 जून को गोमतीनगर-हुबली एक्सप्रेस, 9 से 14 जून तक वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-लखनऊ-मेरठ इंटरसिटी एक्सप्रेस, 9 से 14 जून तक मेरठ-लखनऊ-वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी इंटरसिटी एक्सप्रेस, 9 जून को बगगावि-गोमतीनगर एक्सप्रेस, 11 जून को बगगावि-गोमतीनगर एक्सप्रेस और 22 से 26 जून तक वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-पुणे स्पेशल एक्सप्रेस को निरस्त कर दिया है।
इसके अलावा 12 जून से 26 जून तक गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस एक्सप्रेस, 11 जून से 25 जुलाई तक लोकमान्य तिलक टर्मिनस-गोररखपुर एक्सप्रेस, 13 जून से 25 जुलाई तक पुणे-गोरखपुर एक्सप्रेस, 15 जून से 20 जुलाई तक गोरखपुर-पुणे एक्सप्रेस, 12 जून से 24 जुलाई तक दादर-बलिया एक्सप्रेस, 12 जून से 26 जुलाई तक बलिया-दादर एक्सप्रेस, 11 जून से 25 जुलाई तक दादर-गोरखपुर एक्सप्रेस, 13 जून से 25 जुलाई तक गोरखपुर-दादर एक्सप्रेस, 14 जून से 19 जुलाई तक वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-कोलकता एक्सप्रेस और 14 जून से 26 जुलाई तक अजमेर-राजेंद्र नगर एक्सप्रेस का संचालन बदले हुए मार्ग से करने की घोषणा की है। इसके चलते इन ट्रेनों से यात्रा करने वाले 12 हजार यात्रियों ने रिफंड के लिए आवेदन कर दिया है।
झांसी रेल मंडल के पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि विकास कार्यों के चलते ट्रेनों का संचालन कुछ दिन के लिए प्रभावित है। यात्री टिकट पर नियमानुसार रिफंड ले सकते हैं।
वैकल्पिक ट्रेनें भी देरी से चलेंगी
जिन ट्रेनों के यात्रियों ने अपनी कंफर्म टिकट रद्द कराई हैं, अब वह दूसरी ट्रेनों से यात्रा की योजना बना रहे हैं। लेकिन, दुविधा है कि रेलवे ने 11 जून को गोरखपुर-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस को 1:30 घंटे, 11 जून को पुणे-लखनऊ एक्सप्रेस को 4:30 घंटे, 13 जून को लखनऊ-रायपुर एक्सप्रेस को लखनऊ से 6:50 घंटे, 13 जून को लखनऊ-चेन्नई एक्सप्रेस को लखनऊ से 4 घंटे, 13 जून को गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस 50 मिनट, 14 जून को गोरखपुर-पनवेल एक्सप्रेस 2 घंटे, 10 जून को बरौनी-ग्वालियर मेल 1.20 घंटे और 12 जून को पनवेल-गोरखपुर एक्सप्रेस 50 मिनट की देरी से चलाने का आदेश जारी किया है। ऐसे में यह ट्रेनें कई घंटे की देरी से चलेंगी।