- प्रत्येक कक्ष में 40-40 कार्मिकों के बैठने की व्यवस्था, दो मास्टर ट्रेनर्स देंगे ट्रेनिंग
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। राजकीय इंटर कॉलेज (जीआईसी) में सोमवार से 19 अप्रैल तक 4016 पीठासीन व मतदान अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। रोजाना सुबह-शाम की पाली में 1280 पीठासीन व मतदान अधिकारी प्रशिक्षण लेंगे।
जिला विकास अधिकारी सुनील कुमार ने बताया जीआईसी के 16 कक्षों में एक साथ प्रशिक्षण होगा। प्रत्येक कक्ष में 40-40 पीठासीन व मतदान अधिकारियों के बैठने की व्यवस्था की गई है। पहली पाली में सुबह 10 बजे से 12:30 बजे और दूसरी पाली में दोपहर दो से शाम 4.30 बजे तक प्रशिक्षण दिया जाएगा। प्रत्येक कक्ष में दो मास्टर्स ट्रेनर्स होंगे, जो सामान्य व तकनीकी जानकारी देंगे। जिला विकास अधिकारी ने बताया प्रशिक्षण के दौरान एक अलग कक्ष में मुख्य चिकित्साधिकारी (सीएमओ) द्वारा गठित चार सदस्यीय डॉक्टरों की टीम बैठेगी। यह टीम मेडिकल आधार पर चुनाव ड्यूटी से राहत का प्रार्थना पत्र देने वालों का मेडिकल चेकअप करेगी। मेडिकल चेकअप के आधार पर सीएमओ की टीम आवेदन के प्रार्थना पत्र पर रिपोर्ट देगी। इस रिपोर्ट के आधार पर मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) फैसला करेंगे।