लॉकडाउन के बाद रेलवे इलेक्ट्रिक इंजनों में रियल टाइम इन्फार्मेशन सिस्टम लगाने जा रहा है। इससे ट्रेन के आवागमन से संबंधित आंकड़े आटोमेटिक प्राप्त होने लगेंगे। रियल टाइम ट्रेन इन्फार्मेशन सिस्टम परियोजना को भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन इसरो के सहयोग से सेंटर फार रेलवे इन्फार्मेशन सिस्टम (क्रिस) द्वारा तैयार किया जा रहा है। इस सिस्टम में गाड़ी आवागमन से संबंधित सटीक आंकड़े जैसे कि गाड़ी का आगमन व प्रस्थान समय, निर्धारित मार्ग में विभिन्न स्टेशनों से गुजरने का समय, गाड़ी की गति आदि आटोमैटिक तरीके से प्राप्त जाएगी। इंजनों में लगे रियल टाइम ट्रेन इन्फार्मेशन सिस्टम की सहायता से गाड़ियों का कंट्रोल चार्ट कंट्रोल ऑफिस एप्लीकेशन में आटोमैटिक रूप से प्लांट हो जाता है। इस सिस्टम की सहायता से ट्रेन की तत्कालिक गाति एवं स्थिति का अपडेट प्रत्येक 30 सेकेंड में होता है। गाड़ी कंट्रोलर रियल टाइम ट्रेन इन्फार्मेशन सिस्टम लगे इंजनों से चलने वाली गाड़ियों की तत्कालिक गति एवं स्थिति का और सटीक मूल्यांकन कर सकते हैं। इसके आंकड़ों को मोबाइल पर भी देखा जा सकता है। एक बार पूरी तरह से लागू होने के बाद यात्रियों की सुविधा के लिए रियल टाइम ट्रेन इन्फार्मेशन सिस्टम के उपयोग से गाड़ियों का अधिक सटीक स्थान, आगमन के समय का बेहतर पूर्वानुमान हो सकेगा। यह एक विशेष खंड में प्रत्येक ट्रेन के वास्तविक संचालन का विश्लेषण करने में भी मदद करेगा और किसी गाड़ी के देरी के सटीक कारणों की जानकारी मिल सकेगी। कंट्रोलर को आपातकालीन स्थिति या घटना के कारण गाड़ी खड़ी होने की जानकारी मिल जायेगी, जिससे अपेक्षित सहायता तुरंत भेजी जा सकेगी।