झांसी। भीषण गर्मी में ट्रेनों में लगे एसी कोच जवाब दे रहे हैं। हर दिन इसको लेकर यात्री रेलवे से शिकायतों का अंबार लगा रहे हैं। रविवार को झांसी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस, हजरत निजामुद्दीन-पुरी एक्सप्रेस, खजुराहो-कुरुक्षेत्र एक्सप्रेस, वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-पुणे एक्सप्रेस, अहमदाबाद एक्सप्रेस सहित अन्य ट्रेनों के एसी बार-बार फेल हुए, जिसके चलते यात्रियों को गर्मी ने बेहाल किया। हजरत निजामुद्दीन-पुरी स्पेशल एक्सप्रेस के ए-1 कोच में यात्रा कर रहे रिषभ सिंह ने बताया कि ट्रेन का एसी काम नहीं कर रहा है। झांसी-बांद्रा टर्मिनस एक्सप्रेस के बी-1 कोच में परिवार के साथ यात्रा कर रहे शाकेब अहमद ने 139 पर कॉल कर बताया कि कोच में एसी काम नहीं कर रहा है। अखिल कुमार सोनी ने वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी-पुणे एक्सप्रेस के बी-4 कोच में एसी के काम न करने की शिकायत की। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि जिन ट्रेनों में एसी खराब होने की समस्या आई, उन्हें कर्मियों द्वारा अटैंड कर ठीक किया जा रहा है। साथ ही ऑनबोर्ड स्टाफ भी लगातार निगरानी कर रहा है। संवाद