अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। यातायात पुलिस के अनोखे चालान से महानगर के तमाम लोग परेशान हैं। ट्रैफिक पुलिस ने कार चालक का हेलमेट न लगाने और मोटर साइकिल चालक का बिना सीट बेल्ट लगाए वाहन दौड़ाने में चालान किया है। अब परेशान लोग ट्रैफिक पुलिस के दफ्तर का चक्कर काट रहे हैं।
ट्रांसपोर्टर बहादुर सिंह परिहार के मुताबिक रविवार को उनके मोबाइल पर ई-चालान संबंधी मेसेज आया। इसमें मेडिकल तिराहा के पास बिना हेलमेट लगाए कार चलाने के आरोप में एक हजार रुपये का जुर्माना कर दिया गया। यह चालान देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने एप के माध्यम से इसकी पुष्टि की। इसी तरह सीपरी बाजार निवासी तरुण निगम का बिना सीट बेल्ट लगाए मोटर साइकिल चलाने में इलाइट चौराहे पर चालान कर दिया। इसी तरह अन्य लोगों के भी चालान हुए हैं। क्षेत्राधिकारी आलोक अग्रहरि का कहना है कि तकनीकी वजहों से यह गड़बड़ी हुई है। वाहन चालकों के प्रार्थना पत्र पर जांच कराकर इसे दूर कर दिया जाएगा।