झांसी। शनिवार की शाम एक वृद्ध इलाइट चौराहे के पास स्थित एक होटल की छत पर लगे मोेबाइल टावर पर चढ़ गया। वह तकरीबन साढ़े तीन घंटे तक टावर पर चढ़ा रहा। इस दौरान उसने आरोप लगाया कि एक माफिया उसे परेशान कर रहा है। लेकिन, पुलिस उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं कर रही है। पुलिस द्वारा कार्रवाई का आश्वासन दिए जाने के बाद मुश्किल से नीचे उतरा।
सदर बाजार निवासी अरविंद सक्सेना (60) शनिवार की शाम तकरीबन छह बजे इलाइट चौराहे के पास स्थित सनराइज होटल की छत पर लगे मोबाइल टावर पर चढ़ गए। इसकी जानकारी लगने पर होटल के बाहर सड़क पर भारी भीड़ जमा हो गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। इस दौरान बुजुर्ग ने आरोप लगाया कि एक माफिया उसे परेशान कर रहा है। पुलिस सुनवाई नहीं कर रही है। इस दौरान उसने यह भी कहा उस पर तीन मुकदमे चल रहे हैं, जिन्हें खत्म कराया जाएगा। इस बीच पुलिस ने बुजुर्ग के भाई और उसके दोस्त को भी वहां बुला लिया। उन्होंने मोबाइल के जरिये उससे संपर्क किया। पुलिस ने भी उसे कार्रवाई का भरोसा दिया। इसके बाद वह रात तकरीबन साढ़े नौ बजे नीचे उतर आया। इस दरम्यान पुलिस हलाकान बनी रही।