झांसी। मेजर ध्यानचंद स्टेडियम में खेली जा रही राज्य स्तरीय सब जूनियर बालिका हॉकी प्रतियोगिता के सेमीफाइनल मुकाबले मंगलवार को आयोजित हुए। एकतरफा मुकाबले में लखनऊ छात्रावास और गोरखपुर स्पोर्ट्स कॉलेज ने सेमीफाइनल मुकाबले में जीत दर्ज कर फाइनल में प्रवेश किया। 15 मार्च को फाइनल मुकाबला खेला जाएगा।
मैच में पहला सेमीफाइनल मुकाबला झांसी मंडल और लखनऊ छात्रावास के मध्य खेला गया। लखनऊ छात्रावास के खिलाड़ियों ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए एकतरफा मुकाबले में झांसी मंडल की टीम कोे 4-0 से शिकस्त देकर फाइनल में प्रवेश किया। विजेता टीम की ओर से खिलाड़ी अपराजिता सिंह और मनीषा पटेल ने एक-एक गोल किए। वहीं, मधु एवं प्रतिमा वर्धमान ने पेनाल्टी कॉर्नर से एक-एक गोल किए।
दूसरा सेमीफाइनल मैच वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज गोरखपुर और लखनऊ मंडल की टीमों के बीच हुआ। मुकाबले में गोरखपुर की टीम 6-0 से विजयी हुई। गोरखपुर की ओर से खिलाड़ी वंदना ने दो, वैशाली सेन, रश्मि, राबिया खान एवं पूर्णिमा यादव ने एक-एक गोल किए।
मैच के दौरान प्रतापगढ़ की क्रीड़ा अधिकारी पूनमलता राज मुख्य अतिथि रहीं। इस मौके पर प्रभारी क्षेत्रीय क्रीड़ा अधिकारी सुरेश बोनकर, उप क्रीड़ा अधिकारी राजेश सोनकर, अर्जुन अवॉर्डी प्रेम माया, संजय गौतम, सुनील कुमार, बृजेंद्र यादव, मुकेश भारतीया, राजा खान आदि मौजूद रहे।
सेमीफाइनल के दौरान रश्मि सिंह, सुषमा कुमारी, सैयद एहतेशाम अली, सुनीता तिवारी, जावेद खान, विनम्र खांडेकर और तज्जमुल जैदी निर्णायक रहे।