अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। रानी लक्ष्मीबाई पार्क के परिसर में स्मार्ट सिटी लिमिटेड द्वारा अंतरिक्ष संग्रहालय की स्थापना की गई है। सोमवार को मुख्यमंत्री ने इसका वर्चुअली लोकार्पण किया था। अब इसकी टिकट की दरें तय कर दीं गईं हैं। जबकि, बृहस्पतिवार से 21 मार्च तक लोगों को संग्रहालय में टिकट की आधी दरों पर प्रवेश दिया जाएगा।
पांच वर्ष तक की आयु के बच्चों के लिए संग्रहालय में प्रवेश निशुल्क रहेगा। जबकि, छह से 12 वर्ष की आयु के बच्चों का टिकट 25 रुपये का होगा। 12 वर्ष से ज्यादा आयु के लोगों को 50 रुपये का टिकट लेना होगा। दस व्यक्तियों के समूह के लिए टिकट की दर 35 रुपये प्रति व्यक्ति रहेगी। परिचय पत्र दिखाने पर विद्यार्थियों को टिकट 25 रुपये में दिया जाएगा। वहीं, छह से 12 वर्ष के विदेशी नागरिकों को प्रति टिकट पर 800 रुपये खर्च करने होंगे। 12 साल से अधिक आयु के विदेशियों को एक टिकट के 1200 रुपये चुकाने होंगे। छह से बारह साल के न्यूनतम दस बच्चों के विदेशी नागरिकों के समूह से प्रत्येक के लिए टिकट की दर 300 रुपये और इससे अधिक आयु के समूह में आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए प्रत्येक टिकट की कीमत 500 रुपये निर्धारित की गई है। संग्रहालय का साप्ताहिक अवकाश सोमवार को रहेगा।