संवाद न्यूज एजेंसी
लुहारी। अवैध खनन के खिलाफ कड़ा रुख अपनाते हुए प्रशासन की टीम ने मंगलवार को ग्राम खिसनी खुर्द स्थित डुमरो नदी पर छापा मारकर तीन ट्रैक्टर पकड़े। पकड़े गए तीनों ट्रैक्टरों को चालक समेत सकरार थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया है। मंगलवार को उपजिलाधिकारी अजय कुमार ने अपनी टीम के साथ सकरार थाना क्षेत्र के ग्राम खिसनी खुर्द स्थित डुमरो नदी पर छापा मारा। यहां उन्हें बालू का अवैध परिवहन करते हुए तीन ट्रैक्टर मिले। इस पर तीनों ट्रैक्टरों को सीज कर दिया गया। बगैर किसी पूर्व सूचना के हुई इस कार्रवाई से खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया। पकड़े तीनों ट्रैक्टरों व उनके चालकों को सकरार थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया। इस दरम्यान उपजिलाधिकारी अजय कुमार ने बताया कि क्षेत्र में अवैध खनन किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। खनन माफियाओं के खिलाफ कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। कानून का उल्लंघन करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।