अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। 14 जून को मेडिकल कॉलेज करगुवां के पास एंबुलेंस संचालक के घर से ताला तोड़कर करीब सात लाख के आभूषण एवं नकदी चोरी करने के आरोप में पुलिस ने तीन आरोपियों को पकड़ा। इनमें से दो बालिग और एक नाबालिग है। दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया, जबकि नाबालिग को बाल सुधार गृह भेजा गया है।
करगुवां निवासी महिपाल सिंह अपने परिवार के साथ रहते हैं। महिपाल के पिता कपूर चंद्र की मृत्यु हो जाने पर परिवार के साथ वह मऊरानीपुर स्थित अपने गांव भंडरा गए थे। घर की चाबी पड़ोसी ओमप्रकाश अहिरवार को दे गए थे। जब वह लौटकर आए तब चोरों ने आलमारी एवं बक्से में रखा लगभग 50 ग्राम वजन के सोने के जेवर समेत एक किलो चांदी एवं 80 हजार रुपये नकद चोरी कर ले गए थे। सीसीटीवी कैमरों में चोर रात में घर के अंदर जाते दिखे रहे थे। फुटेज के जरिये पुलिस ने तीन नाबालिग आरोपियों को पकड़ा। उन्होंने जहां सामान बेचा, उसके बारे में बताया लेकिन, पुलिस चोरी गया माल बरामद नहीं कर सकी। थाना प्रभारी शैलेंद्र सिंह के मुताबिक दो आरोपी बालिग हैं। इनमें से एक गुमनावारा निवासी शंकर है और दूसरा कचहरी चौराहा के पास का सनी है। नाबालिग भी सीसीटीवी कैमरे में घर के अंदर जाते एवं बाहर निकलता दिखाई पड़ा। उनके पास से कुछ सामान भी बरामद हुआ है। भवन स्वामी का कहना है उसका पूरा सामान बरामद नहीं हुआ।