झांसी। समथर निवासी पूर्व मंत्री रणजीत सिंह जूदेव की तीसरी कोरोना जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आई थी। कनिका कपूर की पार्टी में शामिल होने की वजह से इससे पहले भेजी गईं दोनों जांच रिपोर्ट भी निगेटिव आ चुकी है। मार्च में बॉलीवुड सिंगर कनिका कपूर कोरोना संक्रमित हो गई थीं। हाल ही में कनिका की पांचवीं रिपोर्ट निगेटिव आने के बाद अस्पताल से छुट्टी कर दी गई है। कनिका की कोरोना पॉजिटिव रिपोर्ट आने के कुछ दिन पहले लखनऊ में आयोजित उनकी पार्टी में देश भर की राजनीतिक समेत तमाम हस्तियां शामिल हुई थीं। झांसी के समथर निवासी पूर्व मंत्री रणजीत सिंह जूदेव ने भी पार्टी में शिरकत की थी। कनिका के कोरोना संक्रमित मिलने के बाद पार्टी में शामिल सभी लोगों की कोरोना जांच कराई गई, इसमें जूदेव भी शामिल थे। पूर्व मंत्री की पहली और फिर दूसरी जांच रिपोर्ट निगेटिव आई। बुधवार को उनकी तीसरी जांच कराई गई। बृहस्पतिवार को निगेटिव रिपोर्ट आई है।