कोरोना वायरस के चलते झांसी- बबीना तीसरी रेल लाइन के काम में लगे मजदूर अपने घर लौट चुके हैं। अब मजदूरों के लौटने पर ही काम आगे बढ़ सकेगा। इस कारण अब जुलाई तक इस लाइन के चालू होने की उम्मीद कम है। झांसी से ललितपुर के बीच तीसरी लाइन को बिछाने का काम रेलवे का निर्माण संगठन कर रहा है। इन दिनों झांसी और बबीना के बीच पड़ने वाले चार बड़े और 18 पुलों का निर्माण लगभग पूरा कर लिया गया है। इनमें 12 छोटे पुल और झांसी से बिजौली के बीच एक बड़े पुल का निर्माण भी पूरा हो चुका है। पुरानी पटरियों को हटाकर नई पटरी डालने का काम अंतिम चरण में चल रहा है। निर्माण विभाग के अधिकारियों ने सीआरएस निरीक्षण के लिए दस्तावेज भेज दिए हैं। उम्मीद थी कि अप्रैल में सीआरएस निरीक्षण के बाद लाइन चालू हो जाएगी। मगर कोरोना महामारी के चलते अब ऐसा संभव नहीं हो सकेगा। लॉकडाउन के चलते काम में लगे सभी मजदूर अपने घर वापस लौट गए हैं। लॉकडाउन के खुलने के एक महीने बाद ही उनके वापस लौटने की उम्मीद है। इस कारण इस लाइन को अब जुलाई तक ही चालू किया जा सकेगा। पिछले एक साल से इस लाइन को चालू करने की तैयारी चल रही है। लेकिन किसी न किसी व्यवधान के कारण काम आगे बढ़ता जा रहा है।