- मेडिकल कॉलेज में सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के पास लगा है 10 हजार लीटर का प्लांट
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। मेडिकल कॉलेज के सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक के पास लगा 10 हजार लीटर ऑक्सीजन का प्लांट शुरू होने जा रहा है। प्लांट में सभी जरूरी उपकरण लगाकर ट्रायल किया जा रहा है।
प्रधानमंत्री स्वास्थ्य सुरक्षा योजना के तहत मेडिकल कॉलेज में पांच सुपर स्पेशियलिटी ब्लॉक बनाया गया है। भर्ती होने वाले रोगियों के लिए नजदीक में ऑक्सीजन प्लांट स्थापित किया गया था, जो अब शुरू होने जा रहा है। सीएमएस डॉ. सचिन माहुर ने बताया कोविड महामारी के दौरान ऑक्सीजन के तीन प्लांट लगाए गए थे, जिनमें से दो चालू कर दिए गए थे। अब तीसरे 10 हजार लीटर के ऑक्सीजन प्लांट को शुरू किया जा रहा है। इससे मेडिकल कॉलेज में पर्याप्त मात्रा में ऑक्सीजन उपलब्ध रहेगी। उन्होंने बताया कि एक पखवाडे़ के अंदर तीसरे प्लांट को शुरू कर दिया जाएगा।
- क्षय और स्त्री रोग विभाग के लिए लगेगा एक और प्लांट
क्षय रोग विभागाध्यक्ष डॉ. मधुमर्य शास्त्री ने बताया कि क्षय रोगियों को सबसे ज्यादा ऑक्सीजन की जरूरत होती है। फेफड़े कमजोर होने से उनकी सांस फूलती है। उन्होंने बताया कि वार्ड में भर्ती होने वाले क्षय रोगियों के लिए ऑक्सीजन प्लांट प्रस्तावित है, जिसका कार्यदायी संस्था सर्वे कर चुकी है। उन्होंने बताया कि इस प्लांट से स्त्री रोग विभाग में भी ऑक्सीजन की सप्लाई की जाएगी।