अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। शहर कोतवाली इलाके में रहने वाले मलेरिया विभाग के सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निरीक्षक के घर से चोरों ने आठ लाख रुपये के आभूषण और नकदी चोरी कर ली। चोर घर के मुख्य द्वार का ताला तोड़कर अंदर दाखिल हुए और इसके बाद उन्होंने अंदर रखीं दो अलमारियों के ताले भी चटकाए। घटना के समय गृह स्वामी परिवार के साथ बाहर गए हुए थे। खाली घर देखकर चोरों ने धावा बोल दिया।
शारदा का बगीचा नकटा चौपड़ा निवासी सेवानिवृत्त स्वास्थ्य निरीक्षक विनोद कुमार गुप्ता 13 जनवरी की दोपहर परिवार के साथ अपनी ससुराल मऊरानीपुर के ग्राम धमका पायक गए हुए थे। सोमवार की सुबह उनके द्वारा ऑनलाइन मंगवाए गए सामान का पार्सल देने के लिए डिलीवरी बॉय उनके घर पहुंचा। उसने विनोद कुमार को घर के मुख्य द्वार का ताला टूटा होने की सूचना दी। विनोद कुमार ने मुहल्ले के लोगों से इसकी तस्दीक की और इसके बाद वह परिवार के साथ वापस अपने घर आ गए। घर के अंदर कमरे खुले पड़े हुए थे। दो अलमारियों के भी ताले टूटे थे और उनमें रखे लगभग छह लाख रुपये के आभूषण और डेढ़ लाख नकद गायब थे। इसके अलावा घर में रखा लैपटॉप भी गायब था। विनोद कुमार ने बताया कि घर का पूरा सामान अस्त-व्यस्त पड़ा हुआ था। चोर चार नलों की टोंटी भी निकाल ले गए। उन्होंने 14 जनवरी की रात तकरीबन एक बजे चोरी होने का अनुमान जताया।
कोतवाली के प्रभारी निरीक्षक आंनद कुमार सिंह ने बताया कि घटना का मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। चोरों के संबंध में पुलिस के हाथ कुछ महत्वपूर्ण सुराग लगे हैं। जल्द उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।