संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस से रविवार को शातिर बदमाशों ने तीन लाख की चोरी कर ली। यात्री को इसकी भनक भी नहीं लगी। जब घर पहुंचकर दंपती ने बैग खोला तो उनके होश उड़ गए। बैग में ताला लगा रहा और उसमें अंदर रखा जेवर व नगदी चोरी हो चुकी थी।
आप यदि ट्रेनों के एसी कोच में यह सोचकर कीमती सामान व नगदी के साथ यात्रा कर रहे हैं कि आप और आपका सामान सुरक्षित है तो यह आपकी भूल है। यही भूल गाजियाबाद के लोनी निवासी रंजीत कश्यप से हो गई। शनिवार को मध्य प्रदेश के बियावरा राजगढ़ से पत्नी को मायके से लेकर रंजीत कश्यप इंदौर-अमृतसर एक्सप्रेस के थर्ड एसी इकोनॉमी कोच एम-2 की बर्थ संख्या 42 और 48 पर गाजियाबाद के लिए यात्रा कर रहे थे। रविवार को ट्रेन जब सुबह 5.10 बजे ग्वालियर पहुंची तो पति-पत्नी की आंख लग गई। इसी दौरान चाेरों ने उनकी सीट के नीचे रखे ट्रॉली बैग में से ढाई लाख रुपये से अधिक के जेवर और 30 हजार रुपये चोरी कर लिए।
ट्रेन के ग्वालियर से छूटने के बाद उन्होंने बैग देखा तो उसमें ताला लगा था और चेन भी नहीं टूटी थी। रंजीत ने रेल प्रशासन से शिकायत करते हुए बताया कि घर पहुंचने पर जब उन्होंने बैग का ताला खोला तो उसमें रखा जेवर और रुपये गायब थे। पीआरओ मनोज कुमार सिंह ने बताया कि आरपीएफ ने ग्वालियर स्टेशन पर लगे सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। चोरों का सुराग लगाया जा रहा है।