प्रदर्शनकारियों ने कलेक्ट्रेट का तक निकाल जुलूस, प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा डीएम को
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। पुरानी पेंशन योजना बहाली को लेकर कर्मचारी संगठनों ने प्रदर्शन करके प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। एलान किया यदि पुरानी पेंशन योजना बहाली नहीं की गई तो पूरे देश में आंदोलन होगा।
पुरानी पेंशन योजना बहाली संयुक्त मंच एवं राज्य कर्मचारी संयुक्त परिषद उप्र. के कर्मचारी व शिक्षक शिक्षा भवन प्रांगण में एकत्र हुए, जहां से जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। नारेबाजी करते हुए प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन डीएम को सौंपा। परिषद के अध्यक्ष अखिलेश मिश्रा ने कहा कि 2004 से रोकी पेंशन बहाल नहीं की गई तो पूरे देश में हड़ताल की जाएगी। इस दौरान जितेंद्र दीक्षित, भगवानदास कुशवाहा, संतोष सिंह, मनीष पांडे, सलिल मिश्रा, शिवकुमार पाराशर, संजीव कुमार अडजरिया, मोहित मिश्रा, राजेंद्र चौहान, अजय कुमार, आनंद कुमार, बालकृष्ण, अरविंद कुमार आदि ने भाग लिया।
0- विकल्प पत्र भरवाने के लिए मिले बीएसए से
झांसी। विशिष्ट बीटीसी शिक्षक वेलफेयर एसोसिएशन का प्रतिनिधिमंडल संजीव बुधौलिया एवं जिलाध्यक्ष डॉ. अचल सिंह के नेतृत्व में बीएसए से मिला और पुरानी पेंशन के लिए विकल्प पत्र भरवाने की मांग की। जिलाध्यक्ष ने बताया कि बीएसए ने खंड शिक्षा अधिकारियों को पत्र जारी करते हुए विकल्प भरने का अवसर 31 अक्टूबर तक दिया है। महामंत्री सौरभ कुमार शर्मा ने बताया कि पुरानी पेंशन के लिए संगठन एक दशक से अधिक समय से संघर्ष कर रहा है, जिसके सुखद परिणाम के रूप में पुरानी पेंशन का विकल्प चुनने का मौका दिया गया। ब्यूरो