अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। ग्वालियर रोड स्थित अंसल कॉलोनी में मंगलवार को अमर उजाला की ओर से संवाद कार्यक्रम हुआ। कॉलोनीवासियों ने कहा कि कॉलोनी के बाहर स्पीड ब्रेकर न होने से भी हादसे का डर बना रहता है। अंसल कॉलोनी के अध्यक्ष हरीश चंदानी ने कहा कि कॉलोनी में सबसे बड़ी समस्या पानी की है। मांग की कि हर घर जल योजना के तहत कॉलोनी में भी पाइप लाइन डाली जाए, ताकि सभी घरों तक पानी पहुंच सके।सचिव उमेश करौलिया ने कहा कि कॉलोनी के मुख्य द्वार पर स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग सदर विधायक और नगर आयुक्त से की गई है। इसके अलावा कॉलोनी में एंट्री करते ही दो भूखंडों का विवाद चल रहा है। यहां पर कॉम्प्लेक्स बनना था मगर दो भागों में बांटकर रजिस्ट्री कर दी गई है। जेडीए को मामले की जांच करनी थी, अब तक कोई नहीं आया है। अपूर्वा गोयल ने कहा कि पानी सुबह आता है और शाम को नहीं। प्रीति अग्रवाल, रानू जैन, अमित अग्रवाल ने भी कॉलोनी में पानी की समस्या का मुद्दा उठाया। रचना करौलिया, मिथलेश सिंह ने कहा कि कॉलोनी के मुख्य द्वार पर बड़ा तिराहा है। लेकिन स्पीड ब्रेकर नहीं बना है। तेज रफ्तार वाहन निकलने से हर समय हादसा होने का खतरा बना रहता है। उन्होंने तत्काल स्पीड ब्रेकर बनवाने की मांग की। ताकि किसी दिन कोई काॅलोनीवासी हादसे का शिकार न हो जाए।सौरभ गुप्ता और राजेंद्र यादव ने कहा कि अब तक ये कॉलोनी नगर निगम को हैंडओवर नहीं हो पाई है। इससे कई सुविधाओं से कॉलोनीवासियों को वंचित रहना पड़ रहा है। राजेश धमेले ने कहा कि कॉलोनी में अक्सर स्ट्रीट लाइटें खराब हो जाती हैं। फिर ये सुधरती नहीं है। पूजा सिंह और पूजा साहू ने कहा कि कॉलोनी में आवारा कुत्ते काफी हैं, जो कि बच्चों को काट लेते हैं। इनसे हर समय छोटे बच्चों को खतरा बना रहता है।इस दौरान जीतू चंदानी, अरविंद अग्रवाल, मुदित गोयल, आलोक अग्रवाल, संजू मोदी, मनोज साहू, मनोज अग्रवाल, राजेंद्र कोटिया आदि मौजूद रहे।