झांसी। रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली रोड की राजघाट नहर के नजदीक जंगल में अधेड़ उम्र की महिला का शव पेड़ पर फंदे से लटका मिला। खेत पर पानी लगाने जा रहे किसान ने शव को देखा तो घटना की सूचना पुलिस को दी। जिसके बाद पुलिस ने महिला की पहचान कराकर उसके पति को घटना स्थल पर बुलाया। पति ने बताया कि वह मानसिक रोगी है और शुक्रवार को मौका पाकर घर से आठ किलोमीटर दूर यहां आ गई है। महिला के कपड़े भी भीगे हुए थे, जिससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि वह नहर में गिरी है।
शनिवार की दोपहर लगभग 2.30 बजे रक्सा थाना क्षेत्र के पुनावली रोड के पास से निकली राजघाट नहर से सटे खेतों में पानी लगाने जा रहे किसानों को जंगल में चिरौल के पेड़ से लटका महिला का शव दिखाई दिया। जिसकी सूचना रक्सा पुलिस को दी। मौके पर पहुंचे ट्रेनी आईपीएस, सीओ विक्रम दहिया और रक्सा पुलिस ने ग्रामीणों से मृतका की शिनाख्त कराई तो पता चला कि वह पहुंज पेट्रोल पंप के पास निवासी राजेंद्र यादव की पत्नी 52 वर्षीय सरोज है, जो मानसिक रोगी है। पति ने बताया कि वह कई बार घर से बिना बताए जा चुकी है। पति का कहना है कि जब वह शुक्रवार शाम को लगभग 7 बजे सरोज के लिए चाय बना रहा था इसी दौरान वह घर से निकल आई और यहां आकर यह कदम उठा लिया। पुलिस ने पुलिस ने पंचनामा भरकर शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है।
मृतका के पास से मिले 2500 रुपये और चांदी की पायल
सरोज के पास से पुलिस को 500 के 5 नोट भी मिले हैं। इसके अलावा वह अपने पास एक कपड़े में एक जोड़ा चांदी की पायल भी रखे हुई थी।
राजघाट नहर के पास जंगल में अधेड़ उम्र की महिला ने पेड़ पर फंदा डालकर फांसी लगाई है। मृतका के पति का कहना है कि वह मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। शव को पंचनामा भरकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।
मजमेर सिंह भदौरिया, प्रभारी निरीक्षक, रक्सा थाना।