अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। जिले में बेसिक शिक्षा की बदहाली कम नहीं हो रही है। न तो अध्यापक समय से स्कूल पहुंच रहे हैं और न ही पढ़ाई का स्तर सुधर रहा है। निदेशालय से लगातार मॉनिटरिंग के चलते अधिकारियों ने निरीक्षण शुरू किए हैं। मंडलीय सहायक शिक्षा निदेशक अरुण कुमार ने बुधवार को सुबह बबीना क्षेत्र में स्कूलों का निरीक्षण किया।
एडी बेसिक को सुबह आठ बजे प्राथमिक विद्यालय बड़ौरा (इंगलिश मीडियम) में ताला लगा मिला। निरीक्षण के दौरान पता लगा कि बच्चे दीवार फांदकर स्कूल के भीतर पहुंच गए थे और शोर मचा रहे थे। जबकि शिक्षिका गायब थीं। इसके बाद एडी बेसिक प्राथमिक विद्यालय बड़ौरा प्रथम (हिंदी माध्यम) में पहुंचे। यहां प्रधान अध्यापिका मिथिलेश कुमारी, सहायक अध्यापक लक्ष्मी देवी और शिक्षा मित्र विनोद कुमार गैरहाजिर थे। यहां सहायक अध्यापिका अंजना शर्मा ही मौजूद थीं। एडी बेसिक अरुण कुमार ने बताया स्कूलों में अध्यापकों के समय से न पहुंचने की शिकायतें लगातार मिल रही हैं। गैरहाजिर स्टाफ से जवाब तलब किया जाएगा। सुधार न होने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।
तय समय में पूरा होगा निपुण का लक्ष्य
एडी बेसिक अरुण कुमार ने बताया कि बालवाटिका से लेकर कक्षा तीन के विद्यार्थियों को निपुण बनाने के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। सभी स्कूलों को निपुण बनाना है इसलिए प्रधान अध्यापकों तथा शिक्षकों को इसे गंभीरता से लेने के लिए कहा है। जो पाठ्यक्रम तय है, उसके अनुसार हर हाल में बच्चों को निपुण बनाया जाएगा। इस संबंध में निदेशालय से लगातार निर्देश मिल रहे हैं।