मऊरानीपुर। क्षेत्रीय विधायक डॉ. रश्मि आर्य ने सोमवार को मुख्यमंत्री से लखनऊ में मुलाकात की। इसके अलावा नगर विकास मंत्री को पत्र लिखा, जिसके जरिये उन्होंने अमृत-2.0 योजना के अंतर्गत प्रस्तावित नगर पंचायत टोड़ीफतेहपुर, रानीपुर और कटेरा की पेयजल पुनर्गठन योजनाओं की स्वीकृति व बजट आवंटन की मांग की। विधायक डॉ. रश्मि आर्य ने मंत्री को अवगत कराया कि इन तीनों नगर पंचायतों में पेयजल व्यवस्था कई दशक पुरानी है, जो अब बढ़ती आबादी की जरूरतों को पूरा करने में पूरी तरह नाकाफी साबित हो रही है। क्षेत्र की तीनों नगर पंचायतों में पेयजल की भीषण समस्या है। जनता को शुद्ध और पर्याप्त पेयजल मिले, इसके लिए सरकार से अमृत-2.0 के तहत इन योजनाओं को शीघ्र स्वीकृत कराने का विनम्र अनुरोध किया गया है। संवाद