- गाेंडवाना एक्सप्रेस के ललितपुर पहुंचने पर सुरक्षा बलों ने की सैन्यकर्मी से पूछताछ
- ट्रेन के थर्ड एसी कोच में महिला रेल यात्री पर पेशाब करने का मामला
संवाद न्यूज एजेंसी
झांसी। गोंडवाना एक्सप्रेस के थर्ड एसी कोच बी-9 में यात्रा के दौरान महिला यात्री के साथ सैन्यकर्मी अमानवीय कृत्य तो किया ही, साथ ही खुद को भी नशे के चलते जख्मी कर लिया था। ललितपुर स्टेशन पर पहुंचे सुरक्षा बलों को सैन्यकर्मी ने बताया कि वह सीट से फिसलकर गिर गया था। सैन्यकर्मी ने बचाव करते हुए कहा कि चोट लगने से उसका पेशाब छूट गया था।
गोंडवाना एक्सप्रेस में महिला यात्री पर पेशाब करने के मामले में रेल सुरक्षा बल और एमसीओ ने जांच की तो सैन्यकर्मी भी जख्मी मिला। जबकि महिला यात्री ने आरोप लगाया था कि सैन्यकर्मी नशे में धुत था और बार-बार उसकी चप्पल पहनकर कोच में घूम रहा था। जब ट्रेन के ललितपुर पहुंचने पर आरपीएफ ने मामले की जांच की तो सैन्यकर्मी ने बताया कि आंख के नीचे चोट लगी है। जब सुरक्षा बलों ने उससे पेशाब करने का कारण पूछा तो उसने कहा कि वह ट्रेन में ही फिसल कर गिर गया था और चोट लगने के कारण उसका पेशाब छूट गया था। हालांकि, उसकी बताई कहानी किसी के गले नहीं उतरी। ललितपुर में रेलवे डॉक्टर से उसे इलाज दिलाया गया। सैन्यकर्मी का कहना था कि उसने कुछ नहीं किया। साथ ही बोला कि वह ट्रेन से नहीं उतरेगा। इसके बाद सुरक्षा बल लौट गए।
टीटीई देता मेमो तो आरपीएफ करती कार्रवाई
महिला यात्री की शिकायत पर पहुंची आरपीएफ को जब जानकारी हुई कि महिला पर पेशाब करने वाला सैन्यकर्मी खुद भी घायल है तो उन्होंने एमसीओ के साथ उसे ट्रेन से उतारकर उपचार दिलाने की बात कही थी। लेकिन, उसके लिए ऑनबोर्ड टीटीई का मेमो होना अनिवार्य था। यहां टीटीई ने स्पष्ट कर दिया कि यात्री उनके सामने चोटिल नहीं हुआ था। वह कहीं और गिरा था।
वर्जन
सैन्यकर्मी ने पूछताछ की गई तो उसने बताया कि वह पैर फिसल जाने के चलते चोटिल हो गया था। इसके चलते उसका पेशाब निकल गया था।
मोहम्मद असलम, सहायक सुरक्षा आयुक्त, आरपीएफ।