अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। महानगर पेयजल योजना के तहत बिछाई गई पाइप लाइन को भी अराजकतत्व निशाना बना रहे हैं। बबीना के पास घिसौली में अज्ञात अराजकतत्वों ने रॉ-वाटर ग्रेविटी की मुख्य पाइप लाइन को ही क्षतिग्रस्त कर दिया। इस वजह से टेस्टिंग का काम प्रभावित हुआ। पानी सड़कों पर फैलने लगा। सूचना पर जल निगम अभियंता मौके पर पहुंचे। जल निगम अभियंता मुकेश पाल ने अज्ञात के खिलाफ बबीना थाने में तहरीर दी है। एक्सईएन मुकेश पाल के मुताबिक पेयजल योजना-एक एवं फेज दो के तहत बिछाई गई पेयजल लाइन की टेस्टिंग कराई जा रही है। सिविल लाइंस, सागर गेट, भगवंतपुरा, मसीहागंज, सिमराहा जोन की पाइप लाइन की टेस्टिंग अभी चल रही है वहीं, फेज-दो में सीपरी बाजार, बिजौली, हंसारी, लहरगिर्द, दरीगरान, पुराना बस स्टैंड में भी टेस्टिंग का काम अंतिम चरण में पहुंच गया। इलाहाबाद बैंक तिराहे के पास, इलाइट चौराहा, नवाबाद थाने के पास एवं हवाना होटल के पास बड़े लीकेज मिले थे। उनका कहना है कि यह लीकेज की मरम्मत संबंधित फर्म से ही कराई जा रही है। उनका कहना है कि क्षतिग्रस्त रॉ वाटर पाइप लाइन की मरम्मत कराकर फिर से टेस्टिंग आरंभ होगी।ि