झांसी। प्रेमनगर के बिजौली इलाके से निकली राजघाट नहर में पांव फिसल जाने से एक पांच साल की बच्ची उसमें गिर पड़ी। बच्ची के नहर में गिरने से वहां हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। उसने नहर का पानी बंद कराकर बच्ची की तलाश शुरू कर दी है। बताया जा रहा कि बिजौली निवासी आरिफ खान का घर बिजौली नहर के पास है। नहर के दूसरी तरह दुकान है। बृहस्पतिवार शाम करीब सात बजे उनकी सबसे छोटी पुत्री अदीबा (5) नहर के दूसरी तरफ स्थित दुकान में बिस्कुट लेने गई थी। जैसे ही वह नहर के पास पहुंची, उसका पांव फिसल गया और वह नहर में गिर पड़ी। वहां मौजूद लोगों ने उसे नहर में गिरता देख शोर मचाया लेकिन, थोड़ी देर में ही वह नजर आना बंद हो गई। सूचना मिलने पर प्रेमनगर इंस्पेक्टर संजय शुक्ला भी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंच गए। उन्होंने नहर बंद कराकर उसकी तलाश शुरू करा दी। खबर लिखे जाने तक बच्ची का अता-पता नहीं चल सका है।