झांसी। ललितपुर के बार इलाके में मिट्टी का तेल डालकर आग लगाने के बाद झुलसी छात्रा की शनिवार सुबह मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक थाना बार के गहराव गांव निवासी हरदयाल की बड़ी बेटी नीतू (17) ललितपुर में अपनी बहन नंदिनी (15) एवं भाई हेमंत (9) के साथ रहकर पढ़ाई करती थी। वह एक निजी विद्यालय में ग्यारहवीं की छात्रा थी। कुछ दिन पहले ही उसके पेपर भी हुए थे। उसकी चचेरी बहन जूली और चचेरा भाई आयुष भी साथ में रहकर पढ़ते थे। सोमवार को नंदिनी और हेमंत पढ़ने गए थे। घर में नीतू के साथ जूली और आयुष थे। इसी दौरान नीतू नहाने की बात कहकर बाथरूम चली गई। वहीं पर उसने मिट्टी का तेल डालकर अपने ऊपर आग लगा ली। आग लगने के बाद जब नीतू चीखने लगी तब आसपास के लोगों को पता चला। उन लोगों ने पहुंचकर आग बुझाई। तब तक नीतू गंभीर रूप से झुलस चुकी थी। सूचना मिलने पर पुलिस भी पहुंच गई। गंभीर हाल में नीतू को मेडिकल कालेज में भर्ती कराया गया था। हादसे की सूचना मिलते ही पिता हरदयाल भी अस्पताल पहुंच गए। यहां पिछले पांच दिनों से उसका उपचार चल रहा था लेकिन, शनिवार सुबह आखिरकार नीतू ने दम तोड़ दिया। पिता हरदयाल ने उसके आत्मदाह करने की वजह को लेकर अनभिज्ञता जताई है। नीतू का मोबाइल तलाशा गया लेकिन, उसने सिमकार्ड तोड़कर नीचे फेंक दिया था। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।