अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। अपने मकानों को बचाने के लिए अनशन पर बैठे डडियापुरा, तालपुरा, पिछोर समेत कई क्षेत्रों के लोगों ने 19वें दिन आंदोलन समाप्त कर दिया। भूख हड़ताल पर बैठे चार लोगों को भी मेयर ने जूस पिलाकर अनशन स्थल से उठाया। लोगाें का कहना है कि महायोजना 2031 मंजूरी और मकानों को ध्वस्त करने की कार्रवाई न होने का भरोसा मिलने पर अनशन खत्म किया है।
पिछली महायोजना में नगर पार्क, प्रखंडीय पार्क की जमीन पर बने चार हजार से अधिक निर्माणों को एनजीटी के निर्देश पर झांसी विकास प्राधिकरण द्वारा ध्वस्त किया जा रहा है। करीब चार हजार मकान इसके दायरे में आ रहे हैं। ध्वस्तीकरण की कार्रवाई के विरोध में कई क्षेत्रों के लोग जनवरी में कचहरी चौराहा स्थित गांधी उद्यान में धरने पर बैठ गए थे। कुछ दिन पहले राहुल राजपूत, सुदीप दीक्षित, अर्जुन कुशवाहा, नारायण सिंह राजपूत ने भूख हड़ताल भी शुरू कर दी थी। मेयर, भाजपा विधायकों समेत विपक्षी दलों के नेताओं ने भी अनशनकारियों से मुलाकात की थी। जनप्रतिनिधियों ने शासन स्तर पर ये मामला उठाया। मेयर ने सीएम से भी इस मामले में बात की। शुक्रवार को मेयर बिहारी लाल आर्य, गरौठा विधायक के पुत्र राहुल राजपूत, पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, ब्लॉक प्रमुख भारती आर्य, बीजेपी जिला महामंत्री छत्रपाल सिंह राजपूत धरना स्थल पहुंचे। मेयर ने आश्वासन दिया कि एक भी मकान नहीं गिरने दिया जाएगा। महायोजना 2031 को भी मंजूरी मिल जाएगी। आश्वासन पर लोग मान गए और 19वें दिन धरना व भूख हड़ताल समाप्त कर दी। वहीं, अनशनकारी राहुल ने कहा कि अगर आश्वासन पूरा नहीं हुआ तो मेयर के आवास का घेराव करेंगे।