झांसी। सीपरी बाजार के पहुंच नहर के पास मृत मिले घनश्याम के शव का शुक्रवार को पोस्टमार्टम हुआ। हत्या का आरोप लगाते हुए परिजन मेडिकल कॉलेज में हंगामा करने लगे। पुलिस ने किसी तरह समझा-बुझाकर उनको शांत कराया। पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। थाना नवाबाद के मुस्तरा गांव निवासी घनश्याम (38) के परिजनों के मुताबिक 5 साल से घनश्याम नंदनपुरा में अपनी ससुराल के पास किराए का कमरा लेकर रहता था। करीब तीन महीने पहले उसका पड़ोस में रहने वाले युवक घनश्याम से विवाद हो गया। इस मामले में पुलिस ने दोनों का चालान कर दिया। इससे युवक से रंजिश रखने लगा। पिता बाबूलाल का आरोप है कि बुधवार को आरोपी युवक ने घनश्याम को पीट दिया। बृहस्पतिवार सुबह घनश्याम रिपोर्ट दर्ज कराने थाने जा रहा था। लेकिन, पहुंच नहर के पास उसका शव मिला। उनका कहना है शरीर में चोट के निशान थे। हाथ-पैर बांधने के बाद गर्म पानी डालकर हत्या कर दी गई। शुक्रवार को परिवार के लोग मेडिकल कॉलेज पहुंच गए। पत्नी प्रतिमा का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। न्याय की मांग करते हुए परिजन हंगामा करने लगे। उधर, सीपरी बाजार थाना प्रभारी आनंद सिंह का कहना है कि युवक शराब पीने का आदी था। काफी अधिक शराब पी रखी थी। प्रथमदृष्टया हत्या का मामला नहीं लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर कार्रवाई होगी। ब्यूरो