झांसी। दीपावली पर घर जा रहे युवक का रेलवे ट्रैक के किनारे शव पड़ा मिला। संभावना जताई जा रही है कि युवक गलत गाड़ी में सवार हो गया था। उतरने की आपाधापी में वह हादसे का शिकार हो गया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों के हवाले कर दिया गया।
हरदोई जिले के रहरपुरा निवासी गुरसहाय का पुत्र पिंटू कुमार (36) राजस्थान के उदयपुर में एक धागा फैक्टरी में काम करता था। दीपावली पर घर जाने के लिए वह 22 अक्तूबर को ट्रेन में सवार हुआ था। दीपावली की सुबह 24 अक्तूबर को उसका शव बबीना में रेलवे ट्रैक के पास पड़ा मिला। शव के पास से मिले एटीएम कार्ड के जरिये पुलिस ने उसके परिजनों का पता लगाकर सूचना दी। झांसी पहुंचे मृतक के भाई सुबोध ने बताया कि पिंटू के साथ उसका साला धर्मेंद्र भी सफर कर रहा था। दोनों को मथुरा से ट्रेन बदलनी थी। वहां से दोनों गलत ट्रेन में सवार हो गए। भीड़ अधिक होने पर दोनों अलग-अलग कोच में बैठ गए। पिंटू का फोन भी साले के पास रह गया था। इससे दोनों के बीच संपर्क नहीं हो पाया। धर्मेंद्र घर पहुंच गया, परंतु पिंटू नहीं पहुंचा। परिवार के लोग उसकी खोजबीन कर ही रहे थे, इसी बीच उन्हें हादसे की सूचना मिली। सुबोध ने बताया कि संभावना है कि बबीना में पहुंचकर पिंटू को जानकारी हुई होगी कि वह गलत ट्रेन में सवार है। ऐसे में उसने चलती गाड़ी से उतरने का प्रयास किया होगा, जिससे वह हादसे का शिकार हो गया।
बता दें कि मृतक के परिवार में पत्नी प्रेमवती के अलावा बेटा कृष्णा (5) और बेटी बिट्टू (2) है। आठ भाई-बहनों में पिंटू सबसे बड़ा था। हादसे से परिवार में कोहराम मचा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल बना हुआ है।