संवाद न्यूज एजेंसी
ललितपुर। जिला अस्पताल पर्याप्त संसाधनों के बाद भी मरीजों को सुविधाएं देने में हांफ रहा है। शनिवार सुबह दस बजे पैथोलाॅजी की बिजली गुल हो गई। इससे सभी मशीनें बंद हो गईं। जांच कराने आए मरीजों के सैंपल तक नहीं लिए जा सके। ऐसे में आधे मरीज वापस हो गए।
पैथोलाॅजी में शनिवार सुबह लगभग दस बजे फाल्ट होने से बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। इससे जांच की सभी मशीनें ठप हो गईं। स्थिति यह रही कि बायोकेमिस्ट्री की जांच के सैंपल तक नहीं लिए गए। सीबीसी, केएफटी, एलएफटी समेत अन्य जांच को पहुंचे मरीजों को बिना सैंपल दिए ही वापस होना पड़ा। वहीं अल्ट्रासाउंड मशीन भी बंद रहने से जांच नहीं हो पाई। लगभग दो दर्जन मरीज बिना अल्ट्रासाउंड कराए ही वापस हो गए। सीटी स्कैन मशीन भी लगभग तीन घंटे तक बंद रही। इससे जांच कक्ष के बाहर मरीजों की भीड़ रही। जांच आवश्यक होने के कारण मरीज काफी देर तक बैठे रहे। दोपहर बाद लगभग 12 बजकर 30 मिनट पर बिजली आई। इसके बाद जांच शुरू हो पाई। वहीं, इनकी रिपोर्ट मिलने के समय तक ओपीडी बंद हो गई थी, इससे कई मरीज बिना दिखाए वापस हो गए।