झांसी। संपत्ति को लेकर चल रहे विवाद में तहसील कर्मी ने प्रापर्टी डीलर की हत्या के लिए एक लाख की सुपारी दी थी। बदमाशों ने प्रापर्टी डीलर को गोली मारी लेकिन, वह बच गया। रविवार तड़के बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। एक बदमाश के पांव में गोली लगने से वह घायल हो गया, जबकि उसका साथी समेत तहसील कर्मी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों से तमंचा, कारतूस समेत घटना में प्रयुक्त बाइक बरामद की है। पकड़े गए सभी आरोपी जेल भेज दिए गए। 21 जुलाई की रात मिशन कंपाउंड निवासी रामजी यादव को उनके घर के बाहर बाइक सवार बदमाशों ने जान से मारने की नीयत से गोली मारकर घायल कर दिया था। रामजी ने हमले के पीछे प्रापर्टी का विवाद बताया था।
सुरागरसी के बाद पुलिस को घटना में शामिल दो बदमाशों का पता चला। रविवार तड़के करीब पांच बजे स्वाट और सीपरी पुलिस को बदमाशों के ग्वालियर रक्सा हाईवे के नीचे बने कब्रिस्तान के पास मौजूद होने की सूचना मिली। थोड़ी देर में पुलिस पहुंच गई। पुलिस को देख बदमाशों ने तमंचे से फायर झोंक दिए। जवाबी फायरिंग में एक बदमाश के पांव में गोली लग गई। एसपी (सिटी) ज्ञानेंद्र सिंह के मुताबिक उसने अपना नाम बलदेव कुशवाहा उर्फ विक्की निवासी करेरा शिवपुरी बताया, जबकि दूसरे बदमाश सचिन रावत ने पुलिस टीम के सामने समर्पण कर दिया। पुलिस ने तहसील कर्मी अरविंद कुशवाहा एवं सुनील कुशवाहा निवासी करैरा को भी गिरफ्तार किया है।
पुलिस टीम में सीपरी बाजार थाना प्रभारी अखिलेश द्विवेदी, स्वाट प्रभारी जितेंद्र तक्खर, चौकी प्रभारी ग्वालियर रोड प्रकाश सिंह, चमनगंज प्रभारी राजेंद्र कुमार, धारा सिंह, कुलदीप सिंह, रजत समेत अन्य शामिल रहे।