मोंठ। थाना क्षेत्र के ग्राम अमरा के पास ट्रक की चपेट में आकर 17 वर्षीय लड़की की मौत हो गई।
कस्बा निवासी हरि कुशवाहा की 17 साल की पुत्री खेम कुमारी कुशवाहा (उर्फ चाहत) शुक्रवार को अपने एक दोस्त के साथ बाइक से झांसी घूमने निकली थी। दोपहर बाद जब वे वापस लौट रहे थे, तभी ग्राम अमरा के पास हाईवे किनारे दोनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। इसी दौरान खेम कुमारी गुस्से में हाईवे पर दौड़ पड़ी। जैसे ही वह दूसरी लेन पर पहुंची, तभी कानपुर से झांसी की ओर से तेज रफ्तार जा रहे ट्रक ने उसे कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि किशोरी की मौके पर ही मौत हो गई। इसे देखकर उसका दोस्त बाइक लेकर भाग गया। सूचना पुलिस को दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। युवती की मौत की खबर सुनकर उसके परिवार में चीख-पुकार मच गई। मृतिका के पिता हरि कुशवाहा ने बताया कि वह शादी विवाह समारोह में खाना बनाने का कार्य करता है। पिछले करीब चार साल पहले उसकी पत्नी उसे छोड़कर दो अन्य बच्चों को लेकर कहीं चली गई थी। इसके बाद से चाहत का पालन-पोषण किया। पुलिस मामले की जांच कर रही है। वह किस लड़के के साथ गई थी उसका पता लगाया जा रहा है।