झांसी। जिलाधिकारी आंद्रा वामसी ने विकास भवन सभागार में मनरेगा संबंधी कार्यों की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने लाइन डिपार्टमेंट की ओर से कार्यों में की जा रही लेटलतीफी पर नाराजगी जताते हुए इसमें तेजी लाने के निर्देश दिए। उसके कई काम अभी तक शुरू नहीं हुए। उन्होंने ऐसे कामों की आईडी निरस्त करने के निर्देश दिए। लघु सिंचाई विभाग के कार्यों पर नाराजगी जताते हुए जिलाधिकारी ने इसकी जांच टेक्निकल टीम से कराने को कहा। इसके बीस कार्यों की रेंडमली जांच होगी। लघु सिंचाई के अभियंताओं को फटकार लगाते हुए जिलाधिकारी ने कहा एक विभाग की गड़बड़ी से पूरे जिले की रैकिंग खराब हो जाती है। लघु सिंचाई ने 61 कार्यो के सापेक्ष 19 कार्य ही अभी तक पूरे किए हैं। जिलाधिकारी ने 59 कार्य को वापस लेने के निर्देश दिए। पैसों का लेन-देन समय पर न होने पर भी उन्होंने नाराजगी जताई। इस दौरान मुख्य विकास अधिकारी शैलेष कुमार, एडीएफओ वीके मिश्रा, उपायुक्त रामऔतार, अधिशासी अभिंयता बीएल सिंह समेत अन्य उपस्थित थे।