मलेरिया और डेंगू की रोकथाम के लिए 80 कर्मचारियों की अस्थायी तैनाती को लेकर प्रक्रिया प्रारंभ
अमर उजाला ब्यूरो
झांसी। बारिश के मौसम में मलेरिया और डेंगू का प्रकोप होने की आशंका के चलते मलेरिया विभाग सक्रिय हो गया है। शहर में तीन टीमें और गांवों में हेल्थ सुपरवाइजर आदि को लार्वा की जांच में लगा दिया है। जबकि, 80 डीबीसी (डेली ब्रीडिंग चेकर) को अस्थायी रूप से लगाने की प्रक्रिया शुरू हो गई है।
जलभराव होने से मच्छर जनित बीमारियां फैलने की आशंका रहती है। इसकी रोकथाम के लिए मलेरिया विभाग जुलाई में सघन जांच करता है, लेकिन इस बार अभी से शहर में तीन-तीन सदस्यों की तीन टीमें लगा दी गई हैं। गांवों में भी टीमें जा रही हैं। जुलाई में तेजी से अभियान चलाने के लिए 80 डीबीसी की अस्थायी तैनाती की जाएगी। प्रत्येक डीबीसी को रोजाना 80 घरों में लार्वा की जांच करनी होगी। मलेरिया निरीक्षक सोनालिका वर्मा ने बताया कि मलेरिया व डेंगू की रोकथाम के लिए अभी से जांच शुरू कर दी गई है। जुलाई में इसमें और तेजी लाई जाएगी।
खुशीपुरा के एक घर में मिला लार्वा :
मलेरिया निरीक्षक सोनालिका वर्मा ने बताया कि खुशीपुरा के एक घर में इकट्ठा पानी के अंदर लार्वा मिला है। गृह स्वामी को नोटिस दिया गया है।